PAKUR : झारखंड मुक्ति मोर्चा के धनुषपूजा स्थित जिला कार्यालय में शनिवार को नगर परिषद चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू शामिल हुए. पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सैंकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शेख सेलिना सुल्ताना भी शामिल हुई. आयोजित बैठक में नगर परिषद चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर पार्टी ने खुले तौर पर विधिवत रूप से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शेख सेलिना सुल्ताना को समर्थन देने का ऐलान कर दिया. उनकी जीत के लिए कार्यकर्ताओं को चुनाव तक दिन-रात मेहनत करने को कहा गया. इतना ही नहीं नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में भी पार्टी के समर्थित वार्ड पार्षद के प्रत्याशियों के लिए भी काम करने को कहा.
इसे भी पढ़ें : डीवीसी के आरओबी का 28 फरवरी को किया जाएगा तीसरी बार उदघाटन,पूर्व में दो बार किया गया है उदघाटन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपलब्धियों को घर-घर बताएं
इस दौरान विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा नगर परिषद की चुनाव में अध्यक्ष पद पर खड़ी प्रत्याशी शेख सेलिना सुल्ताना को समर्थन करने का ऐलान करती है. इसके अलावा सभी 21 वार्डों में पार्टी के समर्थित वार्ड पार्षदों के प्रत्याशियों को भी समर्थन देने का ऐलान करती है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता डोर टू डोर जाकर राज्य सरकार और राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपलब्धियां को लोगों को बताएं. उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि पार्टी की तरफ से जिन्हें पार्षद के रूप में समर्थन दिया गया है, उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए जी तोड़ मेहनत करें.
हेमन्त के दबाव में केंद्र ने दिया बकाया
विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दबाव में आकर केंद्र सरकार ने राज्य के बकाया राशि को देने का वादा किया है. नगर चुनाव के बाद शहर के विकास के लिए उन पैसों का सही उपयोग किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नगर परिषद के चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी को ही जीत मिलेगी. इसमें कोई दो राय बिल्कुल भी नहीं है. उन्होंने कहा कि शहर में जलापूर्ति योजना को लेकर हम गंभीर हैं. नगर परिषद चुनाव के बाद योजना को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने के लिए काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए जो भी योजनाएं सरकार की ओर से चलाई जा रही है, उन सारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम करेंगे.
इसे भी पढ़ें : बोकारो में बढ़ते भय के माहौल को लेकर कुमार अमित ने नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
