Arafat
PAKUR : राज्य सरकार से प्राप्त 11 नए पेट्रोलिंग वाहनों को बुधवार समाहरणालय परिसर से विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया. उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर एवं हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया. उपायुक्त ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की सुरक्षा एवं बेहतर विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है. पुलिस बल को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है. नए वाहनों के उपलब्ध होने से पुलिस की कार्यक्षमता एवं प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार होगा. जिससे किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी. उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि इन संसाधनों के माध्यम से जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी. इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा.

इसे भी पढ़ें : सहिया के मानदेय पर डाका! राजाभीठा स्वास्थ्य केंद्र में ₹2000–₹3000 की वसूली का आरोप
पेट्रोलिंग होगी तेज, कानून-व्यवस्था होगी मजबूत
पुलिस अधीक्षक ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए वाहनों के जुड़ने से जिले में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी. उन्होंने कहा कि इससे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी. जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और मजबूती आएगी. उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की सक्रियता में वृद्धि होगी. अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी तथा आमजनों में सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी.
