Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में इस साल का पहला कोविड-19 पॉजिटिव केस सामने आया है। यह मामला झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के सदस्य और जाने-माने फिल्म समीक्षक लाल विजय शाहदेव का है, जिन्होंने खुद सोशल मीडिया के ज़रिए अपने संक्रमित होने की जानकारी दी।
शाहदेव 22 मई को मुंबई से रांची लौट रहे थे, तभी फ्लाइट में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। रांची पहुंचते ही उन्हें सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति अब पहले से बेहतर बताई जा रही है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि देशभर में अब तक 257 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं और वे उनमें से एक हैं। उन्होंने अपने संपर्क में आए सभी लोगों से टेस्ट कराने की अपील की है, खासकर यदि किसी को बुखार, खांसी, सर्दी या बदन दर्द हो।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने जानकारी दी कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए विशेष टीम तैनात कर दी है और सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस का स्ट्रेन बार-बार बदलता है, लेकिन अभी तक स्थिति गंभीर नहीं है। सावधानी बरतना ज़रूरी है, खासकर उन लोगों के लिए जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं।
डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया है कि मौसम में बदलाव के चलते भी बुखार और सर्दी-खांसी के मामले बढ़ रहे हैं, जिससे घबराने की जरूरत नहीं है। मास्क का इस्तेमाल और भीड़भाड़ से बचना अभी भी एक समझदारी भरा कदम है।