RANCHI/BOKARO : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. 1 नवंबर 2026 को होने वाली परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश जारी किए गए हैं. उपायुक्त (DC) अजय नाथ के निर्देश पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की जांच अनिवार्य होगी. वहीं, परीक्षा कक्ष में वीक्षकों को भी मोबाइल फोन लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी.
परीक्षा केंद्र में इन वस्तुओं को ले जाना प्रतिबंधित
प्रशासन ने परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर और पेजर समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में नहीं ले जाने की हिदायत दी है. इसके अलावा किताब, नोटबुक, लॉगबुक, बैग, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट और टोपी जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं भी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी. प्रवेश से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी, ताकि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके.

वीक्षकों को भी जमा करना होगा मोबाइल
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने वीक्षकों के लिए भी सख्त नियम लागू किए हैं. परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने से पहले सभी वीक्षकों को अपना मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्राधीक्षक या उनके अधिकृत कर्मी के पास जमा करना होगा. मोबाइल लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
सिर्फ केंद्राधीक्षक और स्थैतिक दंडाधिकारी कर सकेंगे मोबाइल का इस्तेमाल
परीक्षा संचालन के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग को सीमित रखा गया है. निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत केवल केंद्राधीक्षक और स्थैतिक दंडाधिकारी ही मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर सकेंगे. अन्य पदाधिकारियों और कर्मियों को मोबाइल उपयोग से संबंधित प्रतिबंधों का पालन करना होगा.
कदाचारमुक्त परीक्षा कराने की तैयारी
जिला प्रशासन ने परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें. प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता बनाए रखते हुए इसे निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है. 1 नवंबर को होने वाली JTET-2026 परीक्षा के मद्देनजर परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र जाने से पहले प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची ध्यान से देख लें, ताकि प्रवेश के समय किसी तरह की परेशानी न हो.
इसे भी पढ़े : राहुल गांधी पर बाबूलाल मरांडी का तीखा हमला, बोले- दिमाग का इलाज कराना होगा!
