RANCHI : 22 जुलाई: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज़ हवाओं की चेतावनी जारी की है. राजधानी रांची समेत मध्य और दक्षिणी झारखंड के कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

IMD ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर वज्रपात और तेज़ हवाएं चलने की भी आशंका है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. IMD के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी पर नज़र रखें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें. प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
इसे भी पढ़े : चतरा में एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, प्राइवेट गार्ड की मौत
