RANCHI : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा (JFWCE-2024) को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की है. 19 जुलाई को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के उद्देश्य से 5 जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है.
इसे भी पढ़े : शादी छिपाकर रिश्ता बनाया तो होगी कानूनी कार्रवाई: झारखंड हाईकोर्ट

अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा और झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ बिहार से आने वाले अभ्यर्थियों को भी यात्रा में सुविधा मिलेगी. रांची-दुमका-रांची अनारक्षित परीक्षा स्पेशल (08619/08620) का संचालन 19 और 20 जुलाई को किया जाएगा. यह ट्रेन मुरी, झालदा, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह और देवघर होते हुए दुमका पहुंचेगी. इसमें कुल 10 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 8 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं.टाटानगर-हजारीबाग रोड-टाटानगर अनारक्षित मेमू परीक्षा स्पेशल (08103/08104) भी 19 और 20 जुलाई को चलेगी. यह ट्रेन आदित्यपुर, चांडिल, मुरी, बोकारो स्टील सिटी और गोमो के रास्ते हजारीबाग रोड तक जाएगी. इस मेमू स्पेशल में कुल 8 कोच लगाए गए हैं.
लंबी दूरी से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रांची-पटना-रांची परीक्षा स्पेशल (08624/08623) सबसे अहम रहेगी. यह ट्रेन 19 जुलाई को रांची से रवाना होकर मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, हजारीबाग रोड, कोडरमा और गया होते हुए पटना पहुंचेगी. वापसी में 20 जुलाई को पटना से रांची के लिए चलेगी. इस ट्रेन में 18 कोच रहेंगे, जिनमें 14 स्लीपर, 2 सामान्य और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं. इसके अलावा रांची-गढ़वा रोड-रांची मार्ग पर भी दो जोड़ी अनारक्षित मेमू परीक्षा स्पेशल ट्रेनों (08604/08603 एवं 08602/08601) का परिचालन किया जाएगा. ये ट्रेनें पिस्का, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह और डालटनगंज होते हुए गढ़वा रोड तक जाएंगी. दोनों ट्रेनों में 12-12 मेमू कोच लगाए गए हैं.
इसे भी पढ़े : अजय महतो की गिरफ्तारी के बाद पत्नी बबीता ने किया सरेंडर
रांची रेल मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) श्रेया सिंह ने कहा कि JFWCE-2024 परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है. अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो. उन्होंने यात्रियों से रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की भी अपील की.
