RANCHI : देश में पहली बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और जनभागीदारी आधारित बनाया जा रहा है. अब नागरिक अपने मोबाइल फोन के जरिए खुद ही अपनी जनगणना कर सकेंगे. इसी को लेकर मंगलवार को रांची नगर निगम में जनगणना-2027 के तहत स्वः गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन विषय पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मेयर रौशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार और नगर आयुक्त सुशांत गौरव मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन फॉर्म भरें.

1 मई से 15 मई तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे नागरिक, जनगणना-2027 को पूरी तरह डिजिटल और जनभागीदारी आधारित बनाया गया
अधिकारियों ने बताया कि 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक अपने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे. इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा. जनगणना प्रक्रिया के तहत सबसे पहले मकानों की गणना यानी हाउस लिस्टिंग का काम किया जाएगा. इसके बाद जनसंख्या गणना की प्रक्रिया शुरू होगी. इसकी शुरुआत रांची से की जाएगी. नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि इस बार मकान गणना के दौरान कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे. नागरिकों को 16 अलग-अलग भाषाओं में फॉर्म भरने का विकल्प मिलेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी प्रकार का ओटीपी या संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगी जाएगी. सभी डेटा पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखा जाएगा.
इसे भी पढ़े : झारखंड में सड़क हादसे में मौत पर आश्रितों को मिलेगा 4 लाख रुपये मुआवजा
मेयर रौशनी खलखो ने कहा कि सभी नागरिक समय सीमा के भीतर अपनी स्वः गणना जरूर पूरी करें. उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और भविष्य की योजनाओं तथा सरकारी नीतियों के निर्माण के लिए सही आंकड़ों का होना बेहद जरूरी है.
