Vijay Thakur
GODDA : हनवारा क्षेत्र के मिल्की चौक एवं हटिया चौक पर सड़क किनारे ऑटो खड़े किए जाने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है. चौक के आसपास दोनों ओर ऑटो चालकों द्वारा बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा कर दिए जाने से राहगीरों और अन्य वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर सुबह और शाम के समय यातायात का दबाव बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो जाती है. वहीं, हाट के दिन यहां लंबा जाम लग जाता है, जिससे सड़क पर वाहनों की कतार लग जाती है और लोगों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ता है.
इसे भी पढ़ें : नाबालिग के साथ छह अपराधियों ने दो दिन तक किया सामुहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
स्थानीय लोगों का कहना है कि हनवारा-सन्हौला मुख्य मार्ग का मिल्की चौक और हटिया चौक एक महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु है. इस मार्ग से झारखंड और बिहार सहित आसपास के कई गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं. लेकिन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से ऑटो खड़े रहने के कारण सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है. ग्रामीणों ने बताया कि चौक के पास सड़क पर मोड़ भी है, जिसके कारण यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. सड़क किनारे खड़े ऑटो के कारण सामने से आने वाले वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है. स्थानीय लोगों एवं समाजसेवी शाहीन क्रांतिकारी ने प्रशासन से मांग की है कि मिल्की चौक पर ऑटो खड़े करने के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए तथा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर सख्ती से रोक लगाई जाए.
इसे भी पढ़ें : ऐश पौंड संकट के कारण बोकारो थर्मल की 500 मेगावाट की यूनिट फिर ठप, झारखंड समेत कई राज्यों में बिजली संकट की आहट
