GODDA : गोड्डा जिले के महागामा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सोमवार को दिनदहाड़े लूट के प्रयास से इलाके में हड़कंप मच गया. अज्ञात बदमाश अचानक बैंक के भीतर घुस आए और कर्मचारियों व ग्राहकों को डराने-धमकाने लगे. इस दौरान करीब दो राउंड फायरिंग किए जाने की सूचना है, जिससे बैंक परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.
इसे भी पढ़ें : राज्य के ओबीसी छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति, नियम शिथिल करने की कवायद शुरू
हालांकि अपराधी बैंक से नगदी लूटने में सफल नहीं हो सके. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग के बाद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
बैंक परिसर और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. साथ ही पुलिस आस-पास के लोगों और बैंक कर्मियों से पूछताछ कर रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है.
