L19 DESK : झारखंड की राजधानी रांची को दो और नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलेगी। रांची-वाराणसी और रांची-पुरी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग सांसद संजय सेठ ने रेल मंत्री अश्विनी वैश्णव से की है। अब तक रांची-पटना और रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रांची को मिल चुकी है। रांची-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन को देश के नौ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रांची रेलवे स्टेशन पर सांसद संजय सेठ ने कहा कि रांची-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन झारखंड और पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक आदान-प्रदान का वाहक बनेगी।
इसके परिचालन से आर्थिक समृद्धि में भी इजाफा होगा. उन्होंने ने कहा कि रांची से बनारस और रांची से पुरी के लिए भी वंदे भारत का संचालन होगा। इसके लिए उन्होंने रेलमंत्री से आग्रह किया है. बहुत जल्द इसके भी सार्थक परिणाम सामने आयेंगे। उन्होंने कहा कि अभी रांची स्टेशन में 490 करोड़, हटिया स्टेशन में 388 करोड़, पिस्का स्टेशन में 48 करोड़ और मुरी स्टेशन में 35 करोड़ की परियोजनाओं पर रेलवे काम चल रहा है। इस कार्य में अब तेजी आ रही है। उन्होंने रेलवे से रांची से दक्षिण भारत को जोड़ने के लिए एक अंत्योदय एक्सप्रेस चलाने की भी मांग की है।