L19/Sahibganj : झारखंड ने एक बार फिर से अंधविश्वास के जिंदा होने का परिचय दिया है। राज्य के साहिबगंज जिले में स्थित बोरियो थाना क्षेत्र के मंजवय गांव के सोगले टोला से जादू टोना करने के आरोप में आधा दर्जन तांत्रिक को ग्रामीणों ने रातभर बंधक बनाकर जमकर पिटाई कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, गांव का निवासी मोहन मुर्मू मंगलवार देर रात खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान गांव की बड़की मुर्मू मोहन को बुलाकर अपने साथ घर के पीछे बाड़ी में ले गयी। जहां पूर्व से ताला कुड़ी मुर्मू, मरंगमय मुर्मू, तलू टुडू,मरांगकुड़ी हांसदा, रगत बास्की पूर्व से जादू टोना कर रहे थे। मोहन के वहां पहुंचते ही वे लोग मोहन को अपने वश में करने के लिये तंत्र मंत्र करने लगे। इसके बाद मोहन बेहोश हो गया।
जानकारी के अनुसार, मोहन को बेहोश कर के उसके सिर के बाल काट कर जलाने लगे और एक अंगूठी पहनाया।इसके बाद उसने किसी तरह से अपनी जान बचकर गांव में ग्रामीणों को जानकारी दी। फिर ग्रामीणों ने सभी को रातभर बंधक बना लिया। बताया जाता है कि जादू टोना करने वाले लोगों ने मोहन को डायन बिसाही होने के शक पर काला जादू कर उसे मारने की प्रयास कर रहे थे।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरंजन कच्छप अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कराया। इसके साथ ही बोरियो सीएचसी में उन्हें भर्ती कराया। अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सलखु चंद्र हांसदा ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।