L19/Ranchi : सिल्ली थाना क्षेत्र में आज (मंगलवार ) मुखिया पति को चाकू से वार करके हत्या कर दी गई तथा मुखिया घायल हो गई। यह घटना सिल्ली थाना क्षेत्र गोड़ाडीह पंचायत की है। रायकोचा निवासी सावन देवी के पति पूर्व पंचायत समिति श्रवण कुमार मुंडा (38 वर्ष) की गांव के ही एक युवक ने चाकू से घोंपकर हत्या कर दी। मुखिया सावन देवी को भी घायल कर दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
श्रवण कुमार मुंडा घर के पास स्थित एक तालाब की ओर शौच के लिए गया हुआ था उसी दौरान रायकोचा गांव के वीर सिंह मुंडा के पुत्र रवीन्द्र मुंडा ने श्रवण पर चाकू से हमला कर दिया। उसने चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बचाव में आई मुखिया को भी मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत मुखिया सावन देवी और उसके पति श्रवण मुंडा को सिल्ली सीएचसी पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने श्रवण मुंडा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सावन देवी का प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया। सिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस जुट गई है।