RANCHI : झारखंड में मौसम जल्द ही करवट लेना वाला है. राजधानी समेत अगल बगल के कई जिलों में गरज के साथ बारिश की आशंका जताई जा रही है. 7,8,9 मार्च यानि अगले तीनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गर्जन के साथ साथ हल्की बारिश की बात कही जा रही है.
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के गुरुवार को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि 7 मार्च को पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां समेत देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और गिरिडीह के कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा की भी संभावना है. उत्तर-पूर्वी झारखंड के इलाकों में 8 मार्च को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. इसके बाद 9 मार्च को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में आंशिक बादल छाने और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें : हेमंत सोरेन ने नेमरा (रामगढ़) में ‘बाहा पर्व’ में की पूजा-अर्चना, राज्य की सुख-समृद्धि की कामना
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक 6 मार्च को राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में आसमान साफ रहने के आसार हैं और मौसम शुष्क रहेगा. अगले दो दिनों यानी 6 और 7 मार्च तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. हालांकि 8 से 10 मार्च के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
रांची में दिन में गर्मी, शाम होते ही बढ़ रही ठंडक
गुरुवार को भी राजधानी रांची में दिनभर मध्यम गति की हवा का असर देखने को मिला. हालांकि शाम होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ. पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो पूरे झारखंड में मौसम शुष्क बना रहा. इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड हुआ.
इसे भी पढ़ें : गढ़वा के स्कूल में शिक्षकों ने लांघी मर्यादा, तीन शिक्षकों पर गिरी गाज
वहीं राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गुरुवार को दिन के समय रांची और आसपास के क्षेत्रों में हल्की हवा चलने से मौसम में हल्की ठंडक बनी रही और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ गया. राजधानी में इन दिनों दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, जबकि शाम होते ही तापमान गिरने से ठंडक बढ़ जाती है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने इस बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.
- 6 मार्च: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 16°C
- 7 मार्च: अधिकतम 32°C, न्यूनतम 18°C
- 8 मार्च: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 18°C
- 9 मार्च: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 18°C
