RANCHI : राजधानी के किशोरी यादव चौक (गौशाला मार्ग) पर वर्षों से काबिज अतिक्रमणकारियों के खिलाफ रांची नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. निगम की टीम ने एमएस प्लॉट संख्या 241 की करीब 14 डिसमिल जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया. नगर निगम प्रशासन के अनुसार, इस सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा था. निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही अतिक्रमणकारियों को 7 दिनों का नोटिस जारी किया था. नोटिस के माध्यम से उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद भी उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया.
इसे भी पढ़ें : गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण मामले में पुलिस ने एजेंसी संचालक को भेजा जेल

अभियान के दौरान निगम की टीम ने मौके पर मौजूद 05 अवैध अस्थायी ढांचों (दुकानों और झुग्गियों) को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया. कार्रवाई के बाद निगम की टीम ने पूरी भूमि का समतलीकरण कराया ताकि भविष्य में यहां फिर से अतिक्रमण नहीं हो. निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुक्त कराई गई इस 14 डिसमिल जमीन का उपयोग अब जनहित के कार्यों में किया जाएगा. योजना के अनुसार, इस भूखंड पर विकासात्मक कार्य किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सके.
रांची नगर निगम ने इस कार्रवाई के जरिए अवैध कब्जाधारियों को कड़ा संदेश दिया है. निगम प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शहर के अन्य इलाकों में भी चिन्हित सरकारी जमीनों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें : राज्य में अवैध अस्पताल होंगे बंद, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
