L19/Ranchi : राजधानी रांची के अनगड़ा स्थित हाहे में बुधवार की सुबह रांची-मुरी मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है। मृतक की पहचान चिलदाग निवासी रमेश करमाली और टाटी निवासी राजेश बेदिया के रूप में की गई है। रमेश करमाली अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर सवार होकर अंगदा की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे हैं एक सवारी वाहन ने सामने से धक्का मार दिया। इसके बाद सवारी वाहन भी पलट गया।
घटना में सवारी वाहन में सवार दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रांची-मुरी मार्ग में हाहे मड़ई के पास बुधवार की सुबह आठ बजे यह दुर्घटना हुई। इस दुर्घटना में मजदूरों से भरा वाहन पहट गया। घटनास्थल पर एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दूसरे घायल व्यक्ति की मौत रिम्स में पहुंचकर हो गयी। दुर्घटना में आधा दर्जन घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप घायलों में मृतक रमेश की पत्नी संगीता देवी व शिक्षक शंकर उरांव भी शामिल है। शंकर उरांव टाटी मध्य विद्यालय में शिक्षक है। पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य में जुट गयी है