RANCHI : रांची की चुटिया रेलवे कॉलोनी में देर रात हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया. रात करीब 11 बजे गृह प्रवेश कार्यक्रम से लौट रहे लोगों को एक तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी. गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में हटिया सिंहमोड़ निवासी धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्नपूर्णा नायडू, संदीप महतो, प्रशांत गौरव और अमित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम से भोजन कर लोग स्टेशन की ओर जा रहे थे, तभी कृष्णापुरी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 16 आईएएस अधिकारियों का किया तबादला
घटना के बाद फरार हुए थार चालक अतुल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. चुटिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त थार जीप को जब्त कर लिया है. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन में अतुल के साथ और कौन-कौन लोग मौजूद थे. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. शहर के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग अभियान चलाकर मामले की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच हो रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : बोकारो : जयंत सिंह हत्या के आरोपी विनोद खोपड़ी समेत चारों को चास जेल से किया गया शिफ्ट, जाने कौन कहां गया?
