Sunny
SAHIBGANJ : साहिबगंज जिला अंतर्गत राधानगर थाना पुलिस ने गंगा नदी के किनारे मिली महिला की लाश के मामले का खुलासा किया है. मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार (चाकू) भी बरामद कर लिया है.
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना: रांची की लाभुकों को मिली मार्च महीने की राशि
राधानगर थाना परिसर में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने मामले में पूरी जानकारी दी. घटनाक्रम के अनुसार, बीते 2 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि पूर्वी प्राणपुर स्थित गंगा नदी के किनारे एक महिला का शव पड़ा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और राधानगर थाना कांड संख्या 102/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1), 238(a) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया.

एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज के निर्देश पर राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 अप्रैल 2026 को कांड के नामजद अभियुक्त राहुल शेख (25 वर्ष), हाजी खुशरूद्दीन टोला (पूर्वी उधवा दियारा) को धर-दबोचा. पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल शेख ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के समीप से ही हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया.
इसे भी पढ़ें : सारंडा में चल रहे सर्च अभियान में आईईडी ब्लास्ट, एक जवान घायल
गिरफ्तारी और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया. इस पूरे मामले के खुलासे में SDPO विमलेश कुमार त्रिपाठी के साथ पुलिस निरीक्षक राजमहल प्रभाग राजीव रंजन, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पु.अ.नि. जुमराती अंसारी, पंकज कुमार दुबे और अन्य पुलिस बल की मुख्य भूमिका रही.
