BOKARO : नेशनल ट्राइबल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में बोकारो के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. प्रतियोगिता में बोकारो के उभरते एथलीटों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
इसे भी पढ़ें : ऑक्सफोर्ड नर्सरी स्कूल, रांची में आयोजित हुआ गेम्स एंड गिगल्स: रंगों का उल्लास

झारखंड की पहली महिला एथलीट
सेंटर ऑफ एक्सेलेंस, चंदनकियारी की खिलाड़ी नेहा खालको ने महिला 10 किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. वह इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली झारखंड की पहली महिला एथलीट बन गई हैं.

शिव कुमार सोरेन का स्वर्ण
वहीं, शिव कुमार सोरेन ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया. उनके इस प्रदर्शन से जिले में खुशी की लहर है और अब उनका अगला लक्ष्य एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीतना है.
कोच का समर्पण और मेहनत
इस सफलता के पीछे कोच अंशु भाटिया का सात वर्षों का समर्पण और कड़ी मेहनत रही है, जबकि जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन के मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
बोकारो के लिए गर्व का क्षण
इस उपलब्धि पर बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग हत्याकांड: भाजपा का अल्टीमेटम, 2 तक आरोपी नहीं हुए गिरफ्तार तो 3 अप्रैल को झारखंड बंद
मुख्यमंत्री और खेल मंत्री का आभार
उन्होंने झारखंड के खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित करने तथा राज्य में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. कहा कि, उनके नेतृत्व एवं सतत प्रोत्साहन के परिणामस्वरूप ही आज बोकारो के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झारखंड का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं. बोकारो के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सफलता से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है.
