RANCHI : झारखंड में राज्यसभा का चुनाव नजदीक है. राज्य में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मई में चुनाव होने की संभावना है. झारखंड में फिलहाल राज्यसभा की एक सीट शिबू सोरेन के निधन के कारण खाली है जबकि एक सीट दीपक प्रकाश के जून में कार्यकाल खत्म होने के कारण खाली होगी. ऐसे में राज्यसभा की सीटों के लिए गणित अभी से भिड़ाए जा रहे हैं. राजनीतिक दल राज्यसभा के चुनाव के मद्देनजर अपनी तैयारियों को धार देने में लग गए हैं और आंकड़ों को अपने पक्ष में करने में जुट गए हैं.
इसे भी पढ़ें : जमीन घोटाला मामले में पूर्व सीओ शैलेश कुमार निलंबित

झामुमो और कांग्रेस में खटास
झारखंड में उपजे वर्तमान राजनीतिक हालातों को देखते हुए कुछ अनिश्चितताओं के बादल भी घिरे हैं. वैसे तो राज्यसभा की दोनों सीट जीतने के लिए N.D.A. के मुकाबले I.N.D.I.A. गठबंधन के पास पर्याप्त संख्याबल है. लेकिन बिहार में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में I.N.D.I.A. गठबंधन में झामुमो की अनदेखी करने और आसन्न असम विधानसभा चुनाव में झामुमो को मनमुताबिक सीट नहीं मिलने के कारण झामुमो द्वारा 21 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करने से गठबंधन में अप्रत्यक्ष दरार भी दिख रहा है.
महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्याबल
संख्याबल की बात करें तो I.N.D.I.A. गठबंधन के पास 56 विधानसभा सदस्य हैं, जबकि N.D.A. के पास 24. एक राज्यसभा सीट के लिए 28 प्रथम वरीयता वोटों की संख्या चाहिए. चूंकि I.N.D.I.A. गठबंधन के पास दोनों सीटों के लिए जरूरी 56 की संख्या है. वहीं N.D.A. के पास 24 सदस्य है, जो कि जरूरी संख्या से 4 कम है. अर्थात N.D.A. को 4 सदस्यों का समर्थन चाहिए.
झामुमो की नजर दोनों सीटों पर
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए झामुमो ने दोनों सीटों पर नजर बनाई हुइ है. एक सीट झामुमो की पक्की है लेकिन एक सीट पर कांग्रेस ने भी नजर गड़ाई है. वहीं भाजपा भी अपनी राजनीतिक किस्मत आजमाने के फिराक में है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि राज्यसभा की दोनों सीटें झामुमो के खाते में जाती है या एक सीट झामुमो और एक सीट कांग्रेस या फिर एक सीट भाजपा निकाल ले जाती है.
इसे भी पढ़ें : रांची में अपराधियों ने एक ही रात, दो पेट्रोल पंप से करीब 2 लाख रुपए से अधिक की रकम लूटी
विधानसभा में दलों की स्थिति
I.N.D.I.A. गठबंधन (जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी, माले): 56 विधायक
N.D.A. (भाजपा, आजसू, जदयू, लोजपा): 24 विधायक
अन्य (जेएलकेएम): 1 विधायक
