RANCHI : छोटे शहरों में बढ़ते आधुनिकीकरण के दौरान एक बड़ी दिक्कत उभर कर सामने आती है वह है पार्किंग की असुविधा. रांची जैसे शहर में ये समस्या अक्सर दिख जाती है. जहां व्यावसायिक भवनों के आगे अक्सर गाड़ियां बेतरतीब ढंग से सड़कों के किनारे खड़ी रहती हैं. जिस वजह से शहर का यातायात अस्त-व्यस्त हो जाता है.
इसे भी पढ़ें : बीजेपी कोर कमेटी की बैठक, बजट सहित नगर निकाय चुनाव और केंद्र की योजनाओं पर मंथन
रांची नगर निगम ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है. शनिवार को निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने व्यावसायिक भवनों को अल्टीमेटम देते हुए 24 घंटे के अंदर पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है. अन्यथा भवनों को सील करने की चेतावनी दी. यदि भवनों में पार्किंग है और वहां अन्य कोई दूसरी गतिविधि हो रही है तो उस पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही निजी केबल ऑपरेटरों को बिजली के खंभों में लगाए गए तारों को भी हटाने का अंतिम आदेश दिया गया. निगम के अंतर्गत प्रमुख मार्गों पर स्थित भवनों की होल्डिंग, नक्शा और ट्रेड लाइसेंस की जांच की जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी. फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने को लेकर उन्होंने कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि फुटपाथ राहगीरों के चलने के लिए हैं.
निगम प्रशासक ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिया जिनमें, सार्वजनिक शौचालय, मॉड्यूलर टॉयलेट, आमजन के निसंकोच प्रयोग हेतु यूरिनल की निरंतर सफाई सहित सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त रखने पर विशेष निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड बनने के बाद रांची को मिल सकता है पहला पुरुष मेयर, नगर निकाय चुनाव में बदलता सियासी गणित
