BERMO : बोकारो थर्मल जनता नगर निवासी आर्थिक रुप से कमजोर 60 वर्षीय ठेला चालक सह मजदूर कृष्णा सिंह का सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर रिम्स में सोमवार की रात्रि से इलाज आरंभ हो गया. ठेला चालक कृष्णा सिंह का 20 दिनों पूर्व बोकारो थर्मल में 30 जनवरी को गिरने से दाहिने हाथ की हड्डी कोहनी के पास से टूट गई थी. साथ ही उसे कमर में भी चोट आई थी. कृष्णा सिंह आयुष्मान कार्डधारी है इस कारण उसके पुत्र मनोज सिंह एवं राजेश सिंह किसी तरह से चंदा कर अपने पिता को इलाज के लिए 2 फरवरी को बोकारो सदर हाॅस्पिटल ले गये थे.
इसे भी पढ़ें : बोकारो डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने चास के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीडीओ-सीओ को दिया जरूरी दिशा-निर्देश

सरकारी अस्पतालों का हाल
बोकारो सदर हाॅस्पिटल में जांचोपरांत हड्डी टूटने की बात कह डाॅक्टर के उठकर चले जाने और शुक्रवार को आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया. शुक्रवार 6 फरवरी को दुबारा लेकर जाने पर डाॅक्टर के नहीं आने की बात कह फिर से लौटा दिया गया. दोनों बेटे कृष्णा का कच्चा प्लास्टर करवाकर घर ले आये. धीरे-धीरे घर में टूटे हुए स्थान से मवाद एवं गंदा खून आने तथा बदबू आने पर 12 फरवरी को रांची रिम्स लेकर गये कि आयुष्मान कार्ड से इलाज एवं ऑपरेशन हो जाएगा. गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी के प्रयास से कृष्णा को आर्थोपेडिक विभाग के डाॅ विनय प्रभात के डी-दो यूनिट में बेड नंबर 243 पर एडमिट कर लिया गया परंतु इलाज आरंभ नहीं किया गया. कृष्णा के पुत्र राजेश का कहना था कि रिम्स में जांच के लिए आनेवाले डाॅक्टर का कहना था कि आयुष्मान कार्ड से ऑपरेशन में एक माह का समय लगेगा इसलिए पैसा देकर ऑपरेशन करवा ले. आर्थिक रुप से पूरी तरह कमजोर कृष्णा के दोनों बेटों द्वारा असमर्थता जताने पर उसे उसी हालत में छोड़ दिया गया. जिसके कारण उसकी स्थिति गंभीर होती गई.
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री आवास में हेमंत सोरेन ने की स्कॉलर्स से मुलाकात, कहा-यहां के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा हासिल हो

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
बेरमो के सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार गुप्ता ने कृष्णा के मामले से 16 फरवरी को सूबे के सीएम एवं बोकारो डीसी को एक्स से अवगत करवाते हुए मदद की अपील की. सीएम हेमंत सोरेन ने मामले में गंभीरता से पहल करते हुए 16 फरवरी की रात्रि बोकारो डीसी को एक्स पर निर्देश दिया कि ‘यह स्थिति कतई बर्दास्त के काबिल नहीं है. अविलंब संज्ञान लें एवं अस्पताल के प्रबंधन पर भी उचित ध्यान दें, ‘सीएम के निर्देश को बोकारो डीसी ने काफी गंभीरता से लेते हुए 16 फरवरी की ही रात्रि एक्स पर सीएम को लिखा कि, ‘बोकारो में पदस्थापित स्पेशल मेडिकल ऑफिसर डाॅ. संजय कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया है. वह कल रिम्स जाकर चिकित्सकों से समन्वय स्थापित कर मरीज की सर्जरी एवं समस्त उपचार अपनी देखरेख में संपन्न करायेंगे. किसी तरह की समस्या होने पर स्थिति से वह अवगत करायेंगे. मैं स्वयं इसकी निगरानी कर रहा हूं,जोहार. रिम्स में मंगलवार 17 फरवरी को डाॅक्टरों की टीम ने कृष्णा की जांच की और 18 फरवरी को ऑपरेशन करने की बात कही है. साथ ही उसे निःशुल्क रिम्स के ब्ल्ड बैंक से पांच यूनिट ब्ल्ड भी लिखा है. कृष्णा के दोनों बेटों ने सूबे के सीएम एवं सामाजिक कार्यकर्ता विकास के प्रति आभार प्रकट किया है.
