RANCHI : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रांची रेलवे स्टेशन में महिला सशक्तिकरण की एक बानगी देखने को मिली, जब एक ट्रेन के परिचालन का पूरा जिम्मा महिलाओं को दिया गया. रेलवे प्रबन्धन ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रांची-इरगांव ट्रेन का संचालन पूरी तरह से महिलाओं के हाथ में थमाया. ट्रेन का हर विभाग, इंजन से लेकर बोगियों की सुरक्षा तक महिलाओं के जिम्मे रहा.
इसे भी पढ़ें : त्रिपक्षीय बैठक के बाद बीसएल के विस्थापितों का धरना समाप्त
हर गतिविधि महिलाओं के हवाले
दरअसल इस पूरी गतिविधि में हर मोर्चे पर महिलाएं ही शामिल रहीं. इस दिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए 15 सदस्यीय महिला कर्मियों की एक विशेष टीम बनाई गई थी. ट्रेन को हरी झंडी दिखाने यानी रवानगी से लेकर उसे मंजिल तक पहुंचाने तक की हर गतिविधि में महिलाओं की भूमिका रही. अर्थात लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, टीटीई एवं आरपीएफ सुरक्षा कर्मी के रूप में महिला कर्मियों की उपस्थिति रही.

गुलाब देकर सम्मान
इससे पहले रांची रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम सूची सिंह ने स्टेशन में कार्यरत सभी महिला कर्मियों को गुलाब देकर सम्मानित किया. स्टेशन में मौजूद यात्रियों ने भी ताली बजाकर महिला कर्मियों का हौसला बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें : नाबालिग के साथ छह अपराधियों ने दो दिन तक किया सामुहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
