RANCHI : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को आगामी 29 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया.

मुलाकात के दौरान निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है. उन्होंने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की प्रगति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया.

निदेशक ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. कार्यक्रम को लेकर संस्थान स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
हेमंत सोरेन ने एनआईटी जमशेदपुर के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं. यह समारोह झारखंड के उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है.
