L19/Ranchi : झारखंड वूमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के तीसरे दिन टीम इंडिया ने चीन को दो के मुकाबले एक गोल से हरा कर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। रोमांचक मुकाबले में मेजबान भारत ने शानदार जीत दर्ज करते हुए एशियाई खेल 2023 की हार का बदला ले लिया। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।
लेकिन भारत ने पहले क्वार्टर के 15वें मिनट में चीन को गलती करने पर मजबूर किया और पेनाल्टी स्ट्रोक हासिल किया। दीपिका ने पेनाल्टी स्ट्रोक लिया और बिना गलती किए उसे गोल में तब्दील करते हुए एक शून्य की बढ़त बना ली। भारत के लिए दूसरा गोल मुकाबले के 26 वें मिनट में आया। झारखंड की सलीमा टेटे ने चीनी डिफेंस को भेदकर शानदार फील्ड गोल कर पहले हॉफ में 2-0 की बढ़त बनाई. मैच के 41 वें मिनट में चीन ने पेनाल्टी कॉर्नर जीता और जियाकी जोंग ने उसे गोल में तब्दील किया। तीसरे क्वार्टर तक भारत ने दो के मुकाबले एक गोल की लीड बनाए रखी। तीनों मुकाबले जीत कर प्वाइंट्स टेबल में भारत शीर्ष पर है।