HAZARIBAGH : हजारीबाग में अपराधियों ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है. अपराधियों ने पहले तो एक कोयला व्यवसायी को मौत के घाट उतारा उसके बाद घटनास्थल से भागने के क्रम में अपराधियों ने अपनी गाड़ी से एक व्यक्ति को कुचल दिया जिससे उसकी भी मौत हो गई. इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है.
इसे भी पढ़ें : दुबई में फंसे झारखंड के व्यवसायियों की हुई सकुशल वापसी
मौके पर ही व्यवसायी की मौत
हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित नपोखुर्द गांव में गुरुवार की रात स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने कोयला कारोबारी रोहित साव को घेर लिया. रोहित कुछ समझ पाता, अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस नृशंस हमले से रोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
भागने के क्रम में एक को कुचला
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो से तेज गति से भागने लगे. भागने के क्रम में अपराधियों ने कई लोगों को अपनी चपेट में लिया जिसमें एक ग्रामीण प्रदीप साव गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के क्रम में उसकी भी मौत हो गई.
एक ही रात में दो मौत
एक ही रात में दो लोगों की मौत से इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया. वारदात की सूचना पर बड़कागांव थाने की पुलिस ने रोहित साव और प्रदीप साव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया.
इसे भी पढ़ें : चंदनकियारी में लाइब्रेरी निर्माण कार्यों की डीसी ने की समीक्षा, लंबित कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
