PAKUR : नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा गांव में होली के दिन एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. घटना बुधवार चार बजे की है. अपराधियों ने पिता की आंखों के सामने ही बेटे की हत्या कर दी. पिता चाह कर भी अपने बेटे को बचा नहीं सका. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की 36वीं बैठक में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 23 कैदियों की रिहाई पर सहमति

जानकारी के अनुसार तलवाडांगा गांव निवासी 40 वर्षीय देवराज सरकार बुधवार को लगभग 4 बजे अपने दोस्तों के साथ होली मनाकर घर पहुंचा था. उसी समय पहले से घात लगाए बैठे 8-10 की संख्या में अन्य लोग भी उसके घर पहुंचे. फिर उसे घर के पास अकेला पाकर गाली गलौज और मारपीट करने लगे.
मारपीट के दौरान अपराधियों ने देवराज सरकार के छाती और पीठ पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. जब तक पुलिस घटनास्थल पर पहुंचती तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो गया थे. परिजन उसे ईलाज के लिए उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. मृतक देवराज के पिता मेघनाथ सरकार व परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पिता उन अपराधियों में से कई को पहचान भी रहे हैं.
मृतक के पिता ने बताया कि उसके बेटे का किसी से न तो झड़प हुआ था और ना ही किसी बात को लेकर कोई विवाद था. वहीं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि चाकू से वार करने के कारण देवराज सरकार उर्फ नेमुआ की मौत हुई है. जिस वक्त उसे अस्पताल लाया गया था, उसकी मौत हो चुकी थी. मामले में नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि हत्या के इस मामले की जांच की जा रही है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
