RANCHI : आलमगीर आलम और उनके आप्त सचिव संजीव लाल की जमानत याचिका पर अब सुप्रीम कोर्ट में 24 मार्च को सुनवाई होगी. शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच ने इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए टिप्पणी की कि यह एक महत्वपूर्ण मामला है और इसमें सभी पक्षों की दलीलों को विस्तार से सुनना जरूरी है. सुनवाई के दौरान आलमगीर आलम और संजीव लाल की ओर से अदालत में जवाब दाखिल करने के लिए और समय मांगा गया, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 24 मार्च तय कर दी.
इसे भी पढ़ें : पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को कांग्रेस ने 3 वर्षों के लिए किया निष्कासित
वहीं इस मामले से जुड़े एक अन्य हिस्से में विनय कुमार चौबे समेत तीन आरोपियों की जमानत याचिका पर भी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. अदालत को बताया गया कि झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने देर शाम अपना शपथ पत्र दाखिल किया है, जिसके बाद प्रार्थियों की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा गया. इस पर कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 25 मार्च तय कर दी.
बता दें कि विनय चौबे के साथ सुधीर सिंह और विनय प्रताप ने भी जमानत याचिका दायर की है. सुनवाई के दौरान सुधीर सिंह की ओर से अदालत को बताया गया कि उनकी तबीयत खराब है और वह बीमार चल रहे हैं. गौरतलब है कि एसीबी ने 20 मई 2025 को उस समय के उत्पाद सचिव रहे आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और अब सभी की नजर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली आगामी सुनवाई पर टिकी हुई है.
इसे भी पढ़ें : नामकुम बाजार में महाराजा मदरा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण
