Ritika
RANCHI : हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड के कोसुम्भा गांव में घटी, घटना को लेकर अब तक जो बातें सामने आ रही थीं, उन सारी खबरों को हम लगातार आपके सामने रख रहे हैं. लेकिन अब इस मामले में कुछ ऐसी जानकारी भी सामने आ रही है, जिससे यह संभावना बन रही है कि पूरी कहानी शायद वैसी नहीं हो जैसी अब तक दिखाई और सुनाई जा रही थी. इसलिए हम शुरुआत में ही साफ कहना चाहते हैं कि जो बातें अभी तक सामने आई हैं, हो सकता है कि उनमें से कुछ अलग भी निकल कर आए. अब तक यह बताया जा रहा था कि 12 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ, उसकी आंखें निकाल ली गईं, उसकी जीभ काट दी गई और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. ये बयान उसकी मां का था इसी एंगल से कई दिनों से इस मामले की जांच और चर्चा चल रही थी.
इसे भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में बोकारो का दमदार प्रदर्शन, नेहा खलको और शिव कुमार सोरेन ने जीते स्वर्ण
बेहद पेचीदा मामला
लेकिन अब जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, कुछ बातें ऐसी निकलकर सामने आ रही हैं जो इस पूरे मामले को बेहद पेचीदा बना रही हैं. सूत्रों के अनुसार अब तक इस मामले में करीब 18 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इतना ही नहीं, जिस व्यक्ति को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, उसकी भी गिरफ्तारी हो चुकी है. हालांकि यह सारी जानकारी अभी अंदरूनी सूत्रों के आधार पर सामने आ रही है. आधिकारिक रूप से पुलिस ने अभी तक इस मामले में पूरा खुलासा नहीं किया है. इसलिए पूरे राज्य की नजर अब पुलिस की आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई है. जैसे ही पुलिस अपना आधिकारिक बयान देगी, तभी इस पूरे मामले की सच्चाई साफ हो पाएगी. अंदरखाने चर्चा है कि जो मुख्य आरोपी है वह किसी बड़े पार्टी का नेता है.
मामला उलट भी सकता है
सूत्रों से जो बातें सामने आ रही हैं, वे यह भी संकेत दे रही हैं कि यह मामला उतना सीधा और सरल नहीं है जितना अब तक लोगों को दिखाया जा रहा था. जितना यह केस ऊपर से दिख रहा है, उससे कहीं ज्यादा उलझा हुआ और जटिल बताया जा रहा है. गांव के कुछ लोगों और पुलिस के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, इस मामले में जो कहानी अब तक सामने आई है, वह पूरी तरह से वैसी नहीं भी हो सकती. मृतक की मां का कहना था कि मंगला जुलूस वाले दिन उनकी बेटी के साथ यह निर्दयी घटना हुई, उसके साथ दुष्कर्म किया गया, उसकी जीभ काट दी गई और उसकी आंखें निकाल ली गईं. इसी बयान के आधार पर अब तक पूरे मामले को एक ही दिशा में देखा जा रहा था.
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले की जांच मोबाइल के CDR यानी कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आगे बढ़ाई है. इसी तकनीकी जांच के बाद पुलिस कुछ अहम लोगों तक पहुंची और गिरफ्तारियां भी हुईं.
घटनाक्रम अप्रत्याशित और चौंकाने वाला होगा
बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ घंटों में हजारीबाग पुलिस इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है. कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि इस पूरे मामले में एक महिला और उसका प्रेमी शामिल हो सकते हैं. कहा जा रहा है कि घटना की रात गांव में मंगला जुलूस निकल रहा था और लगभग पूरा गांव उस जुलूस में शामिल था. गांव में सन्नाटा था. कथित तौर पर इसी दौरान उस महिला ने अपने प्रेमी को घर बुलाया था. दोनों कमरे में थे और उसी दौरान वह 12 साल की बच्ची वहां पहुंच गई. बताया जा रहा है कि बच्ची ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. वह महिला की बच्जी की करीबी बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग हत्याकांड: भाजपा का अल्टीमेटम, 2 तक आरोपी नहीं हुए गिरफ्तार तो 3 अप्रैल को झारखंड बंद
Loktantra 19 इन संभावनाओं की पुष्टि नहीं करता है
संभावना है कि उसके बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलाकर बच्ची की हत्या कर दी. इसकी अधिकारिक पुष्टि Loktantra 19 बिल्कुल भी नहीं करता है. संभावना है कि पुलिस की जांच रिपोर्ट अप्रत्याशित और बेहद चौंकाने वाले होंगे. जो दिख रहा है वह बदल सकता है, राजनीतिक एंगल भी जुड़ सकता है, मामला पेचीदा हो सकता है, हो सकता है कि कुछ लोगों के चेहरे से नकाब हट जाए और यह भी सामने आए कि अपने स्वार्थ के लिए कुछ लोग किस हद तक गिर सकते हैं.
