L19 DESK : रांची में स्थित यश मॉडलिंग कंपनी के संचालक तनवीर अख्तर खान पर मॉडल ने आरोप लगाया है कि तनवीर ने यश नाम बताकर उसे धोखा दिया। वह धर्म बदलकर शादी करना चाहता है। उसने मुंबई आकर जान लेने की कोशिश भी की. मानवी ने यूट्यूब पर वीडियो अपलोड किया है। इसमें मानवी ने कहा कि मैं मर जाऊंगी, लेकिन अपना धर्म नहीं बदलूंगी. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मुझे इस हैवान से बचायें। कल को वो क्या करेगा, मुझे नहीं पता। मैं हिंदू हूं, कभी मुस्लिम से शादी नहीं करूंगी। रांची पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मॉडल द्वारा लगाये गये आरोपों की जांच करने के लिए रांची पुलिस की एक टीम गुरुवार को मुंबई पहुंची है। मुंबई में रहने वाली मॉडल से रांची पुलिस पूछताछ करेगी और पूरे मामले की जानकारी लेगी। साथ ही मॉडल का बयान दर्ज करेगी। मूल रूप से बिहार के भागलपुर की रहने वाली मॉडल ने तनवीर अख्तर खान पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं।
आरोपी तनवीर अख्तर खान ने वीडियो किया जारी
आरोपी तनवीर अख्तर खान ने एक वीडियो जारी किया है। 1.30 मिनट लंबे इस वीडियो में तनवीर कहता है कि मेरे ऊपर लव जिहाद और प्रताड़ित करने का जो आरोप लगाया गया है वह बेबुनियाद है। लड़की मेरी कंपनी में काम करती थी। उसने बिजनेस में मेरा नुकसान करा दिया। जब मैंने इसका हर्जाना मांगा तो उसने मुझे ही ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बकौल तनवीर, लड़की ने मेरी न्यूड फोटो मेरे परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों को भेज दिया। मेरे फॉलोअर के बीच भी मेरी न्यूड फोटो वायरल कर दी लेकिन मैंने कोई कार्रवाई नहीं की। तनवीर ने आरोप लगाया है कि मॉडल के इस काम में उसके ब्वॉयफ्रेंड रवजोत सिंह और राहुल ने मदद की। तनवीर ने पीड़िता पर कंपनी का डाटा चुराने का भी आरोप लगाया है। उसने कहा कि मेरे पास 60 हजार से ज्यादा देशी और विदेशी मॉडल का डाटा है। पीड़िता उसे चुराकर उसका इस्तेमाल करना चाहती थी। मेरे 200 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट हैं जिनके जरिए ब्रांड का प्रमोशन किया जाता था, लड़की ही उसे हैंडल करती थी। उसने कहा कि सभी आरोप झूठे हैं।
मुंबई के वर्सोवा थाने में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर रांची के गोंदा थाना में बुधवार को तनवीर अख्तर खान पर धर्म परिवर्तन कराने और जबरन शादी का दबाव बनाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। जिसके बाद गोंदा पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदा पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है। ताकि मुंबई की मॉडल का बयान दर्ज किया जा सके।