L19 DESK : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के 2023-2025 सत्र के पाँच विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन में एसोसिएट रिसोर्सपर्सन के पद पर हुआ है। यह चयन विश्वविद्यालय में आयोजित कैम्पस प्लेसमेंट प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।
इस चयन प्रक्रिया में अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन से तीन सदस्यीय पैनल, राजीब दास (रिसोर्सपर्सन, रिक्रूटमेंट), सौरव बैनर्जी (रिसोर्सपर्सन, प्रोग्राम) और अनूप कुमार शुक्ला (रिसोर्सपर्सन, प्रोग्राम) शामिल थे। चयनित विद्यार्थियों में पर्यावरण विज्ञान विभाग से अनुष्का लाल और आदर्श राज, भौतिकी विभाग से अमित कुमार, गणित विभाग से विकास तिवारी तथा भूविज्ञान विभाग से हिमांशु कुमार बारीक शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों को सालाना रु. 4.6 लाख का पैकेज मिलेगा।
इस उपलब्धि पर कुलपति, प्रोफेसर क्षिति भूषण दास ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि, “हमारे विद्यार्थी जिस प्रकार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, वह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।”
प्लेसमेंट अधिकारी, डॉ. भास्कर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से हर वर्ष छात्रों का उच्चस्तरीय संस्थानों में चयन होता रहा है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि, “यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है।
प्लेसमेंट प्रमुख, प्रोफेसर डी.बी. लाटा ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन जैसे सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले प्रतिष्ठित संगठन में विद्यार्थियों का चयन, विश्वविद्यालय के लिए हर्ष का विषय है।