Ritika
RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में सिविल कोर्ट, डीसी ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिस को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है. पिछले कुछ दिनों से झारखंड के कई सरकारी दफ्तरों और अहम संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही थीं, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं. इस पूरे मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की साइबर और तकनीकी टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए इस साजिश के मास्टरमाइंड को पकड़ लिया.
इसे भी पढ़ें : आपत्तिजनक गीत पर नृत्य करने पर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, उठ रहे कई गंभीर सवाल
आरोपी की पहचान
आरोपी की पहचान श्रीनिवास लुकस के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 47 वर्ष बताई जा रही है. उसे मैसूर, कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया है. जांच एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी और साइबर ट्रैकिंग की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया और फिर उसे गिरफ्तार किया गया. आरोपी को पकड़ने के बाद अब उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए रांची पुलिस की एक टीम को नई दिल्ली भेजने की तैयारी हो रही है. जरूरत पड़ने पर रांची में दर्ज अलग-अलग मामलों में उसे रिमांड पर भी लिया जा सकता है.
अब तक 1100 से अधिक धमकी भरे संदेश
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह पिछले कई महीनों से रांची, धनबाद समेत देश के अलग-अलग शहरों के कोर्ट और महत्वपूर्ण कार्यालयों को फर्जी बम धमकियां भेज रहा था. हैरान करने वाली बात यह है कि वह अब तक पूरे देश में करीब 1100 से ज्यादा धमकी भरे ईमेल और संदेश भेज चुका है.
आरोपी पोस्ट ग्रेजुएट, लेकिन बेरोजगार
आरोपी पोस्ट ग्रेजुएट है, लेकिन फिलहाल कुछ समय से बेरोजगार बताया जा रहा है और उसकी मां पहले सरकारी कर्मचारी रह चुकी हैं. हालांकि उसने ऐसा क्यों किया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक वह मानसिक तनाव में हो सकता है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश भेजने के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग के दुष्कर्म सहित हत्याकांड मामले में हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, सरकार से जवाब तलब
