L19/Ranchi : लोकआस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर रांची के हटनिया तालाब छठ घाट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु उपस्थित थे। छठी मइया के गुंजते हुए गीतों के बीच मुख्यमंत्री ने निर्धारित समय पर छठव्रतियों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संध्या अर्घ्य देने के लिए रविवार को रांची के हटनिया तालाब पहुंचे। पत्नी कल्पना सोरेन और बच्चों के साथ सीएम हटनिया तालाब पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन के साथ तालाब में उतरकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि त्योहार ही है, जो लोगों के उत्साह और आस्था को एक दूसरे से जोड़कर रखते हैं। विभिन्न तालाबों में लोग भगवान भास्कर को अर्घ्य दे रहे हैं। इसकी तैयारी बहुत पहले से शुरू हो गई थी। मुझे लगता है जो मंजर छठ में चार दिनों तक रहता है, वह 12 महीने रहे।