
L19/Ranchi : झारखंड में खिलाड़ियों के आधारभूत संरचना को लेकर सरकार ने प्रतिबद्धता दुहरायी है। इसी सिलसिले में सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम का औचिक निरीक्षण करने के साथ उन्होंने बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा- कि खेल के क्षेत्र में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करते हुए हम आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में अधिकारियों को सुविधाएं बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रांची स्थित इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ लगाया है। जहाँ देश में पहली बार आयोजित होने वाला एशियन वीमेन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी खेला जाएगा। मौके पर मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय चौबे, उपायुक्त राहुल सिन्हा, एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
