L19 Desk : ज़मीन म्यूटेशन के चक्कर में सरकारी दफ्तरों का चक्कर लगाने वालों के लिये अच्छी खबर है। रांची में आगामी 9 फरवरी को लैंड म्यूटेश के निपटारे के लिये 6 अंचलों में शिविर लगाया जायेगा। ये शिविर शहरी अंचल, ओरमांझी, कांके, मांडर, नामकुम और रातू अंचल कार्यालय में लगेगा। इस दौरान 10 डिसमिल तक के जमीन म्यूटेशन का समाधान किया जायेगा। सभी अंचलों में बिना आपत्ति 30 दिन और आपत्ति के साथ 90 दिन के 10 डिसमिल जमीन तक के मामलों का निष्पादन किया जायेगा।
रांची डीसी ने की बैठक
कैंप आयोजित करने को लेकर बीते गुरुवार 6 फरवरी को रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने अंचलाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की थी। डीसी ने स्पष्ट किया कि सूची में उपलब्ध कराये गये मामलों में से कोई भी मामला सीआइ या कर्मचारी के लॉगिन में पाया गया, तो उन पर नियम संगत कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में निष्पादित मामलों का शुद्धि-पत्र स्थल पर ही आवेदकों को सौंप देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूची में उपलब्ध कराये गये मामलों में से कोई भी मामला सीआइ या कर्मचारी के लॉगिन में पाया गया तो उन पर नियम संगत कार्रवाई की जायेगी। शिविर में निष्पादित मामलों का शुद्धि-पत्र स्थल पर ही आवेदकों को सौंप देना है।
इस दौरान डीसी ने अंचलाधिकारियों से पूर्व में उपलब्ध करायी गयी सूची के अनुसार म्यूटेशन के मामलों के निष्पादन की जानकारी भी ली। बता दें कि इससे पहले अनगड़ा, अरगोड़ा, बड़गाईं, बेड़ो, बुंडू, बुढ़मू, चान्हो, हेहल, इटकी और नगड़ी में दाखिल-खारिज के लिए शिविर का आयोजन किया गया था, इस दौरान 534 आवेदन का निष्पादन किया गया था।
डीसी ने ट्रिपल टेस्ट की भी ली जानकारी
बैठक के दौरान रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने नगर निकाय चुनाव के लिये चल रहे अंचलवार ट्रिपल टेस्ट सर्वे की जानकारी भी ली। कई अंचलाधिकारियों ने बताया कि उनके क्षेत्र में सर्वे का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल डेटा इंट्री का काम जारी है। इस पर डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों को सर्वे और डाटा इंट्री का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जमीन चिह्नित किये जाने के कार्य प्रगति की भी जानकारी ली। कहा कि सुपरवाइजर, सीओ और कर्मचारी मिलकर जमीन चिह्नित करें।