KODERMA : कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में तीन दिन से लापता 52 वर्षीय व्यक्ति का शव शनिवार को पहाड़पुर खदान से बरामद किया गया. मृतक की पहचान रामचंद्र सोनार, पिता स्व. दुर्गा सोनार के रूप में हुई है. मृतक के भाई संतोष सोनी ने बताया कि रामचंद्र गुरुवार शाम से घर से लापता थे. परिजनों ने उनकी लगातार खोजबीन की और नवलशाही थाना में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी.
इसे भी पढ़ें : जंगल का काला खेल: मासूम हाथों से चलाया जा रहा है लकड़ी माफिया का साम्राज्य

भतीजे ने फोन पर दी सूचना
शनिवार सुबह करीब 10 बजे संतोष सोनी को उनके भतीजे ने फोन पर सूचना दी कि रामचंद्र सोनार का शव पहाड़पुर स्थित एक खदान में पड़ा मिला है. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. संतोष सोनी ने आशंका जताई कि उनके भाई शराब का सेवन करते थे. संभवतः नशे की हालत में वे खदान की ओर चले गए होंगे, जहां पैर फिसलने से वे नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई. मृतक के पुत्र ने बताया कि उन्होंने अपने पिता का शव खदान में लगभग 300 फीट नीचे पड़ा देखा.
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही
परिजनों ने खदान संचालक गुलाम मियां, प्रवीण रवानी, महेंद्र वर्मा पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं. परिजनों ने खदान संचालक से मुआवजे की मांग की है.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस शव को खदान से बाहर निकालने का प्रयास कर रही है और आगे की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें : बुलेट प्रूफ वाहनों पर सियासत, बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, उपयोग और आवंटन पर उठाए सवाल
