PAKUR : महेशपुर-गुम्मामोड़ मुख्य सड़क स्थित बलियाडंगाल गांव के समीप शुक्रवार देर शाम को बाइक और ट्रैक्टर के टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मृतक की पहचान गोपीकंदर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 19 वर्षीय प्रवीण हेम्ब्रम के रूप में हुई है. जबकि बाइक सवार जख्मी युवक उसी गांव के 21 वर्षीय सुभाषटेन हेम्ब्रम है.
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि शर्मा, एसआइ दीपक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर घटना की छानबीन में जुट गए. जख्मी युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर लाया गया. जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जख्मी युवक का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ सोनाजोड़ी अस्पताल भेज दिया गया है.
घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक महेशपुर से अपने घर रामगढ़ जा रहे थे. इसी दौरान बलियाडंगाल गांव के पास घुमाव सड़क में विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर के साथ जोरदार टक्कर हो गया. इस घटना में प्रवीण हेम्ब्रम की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई. जबकि सुभाषटेन हेम्ब्रम गंभीर रूप से जख्मी हो गया. शनिवार को महेशपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करने को लेकर पाकुड़ भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक एवं ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है. पुलिस घटना की छानबीन कर रही है.
