Arafat
PAKUR : आमतौर पर लोगों की शिकायत रहती है कि जनप्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद आम जनता से दूरी बना लेते है या गायब हो जाते हैं. लेकिन वार्ड नंबर 11 से चुनाव जीतकर पार्षद बनी निभा देवी इस मामले में बिल्कुल उलट है. नगर परिषद चुनाव का परिणाम के महज एक पखवाड़े ही हुए और दो दिन पहले ही उन्होंने शपथ ली है, इसी बीच निभा देवी अपने वार्ड क्षेत्र में समस्याओं के निदान के लिए निकल पड़ी है. निभा देवी क्षेत्र की समस्याओं के प्रति कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शपथ लेने के बाद से ही वार्ड क्षेत्र में पानी, बिजली और साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गई है. उनके द्वारा समस्याओं के समाधान के लिए शुरू किए गए पहल की वार्ड क्षेत्र से आई तस्वीरें हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणा माना जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : आदिवासी जमीन पर नहीं बनेंगे विधायक-सांसद के घर, तलाश की जाएगी विवाद मुक्त जमीन
शुरू कर दिया अपना काम
दरअसल निभा देवी चुनाव परिणाम आने और वार्ड पार्षद के रूप में शपथ लेने के बाद वार्ड क्षेत्र में निकल पड़ी और हर एक समस्या को अपनी डायरी में नोट कर लिया. इसके बाद शनिवार को समस्याओं के निदान के काम में जुट गईं. वार्ड पार्षद निभा देवी ने वार्ड में साफ-सफाई को बेहतर बनाने का काम शुरू कर दिया. लंबे समय से खराब पड़े बिजली के पोल में लगे स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त किया जाने लगा है. ताकि शाम होते ही अंधेरे में डूब जाने वाली सड़के और गलियों में रोशनी व्यवस्था सुनिश्चित हो. वहीं आम जनता को बोरिंग और चापानल से हो रही पेय जलापूर्ति को दुरुस्त किया जा रहा है.
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना प्राथमिकता
वार्ड पार्षद निभा देवी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से वार्ड में कई जरुरी विकास कार्य विभिन्न कारणों से रुका हुआ था. जिस वजह से वार्ड वासियों को साफ-सफाई, पेयजल, लाईट की व्यवस्था सहित अन्य मुलभुत सुविधाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. लेकिन अब स्थिति को तेजी से सुधारने की दिशा में काम किया जा रहा है. नगर परिषद के संबंधित विभागों के सहयोग से नियमित कचरा उठाव और नालियों की सफाई सुनिश्चित कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि बंद पड़े स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती और नई लाइट लगाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है. जिससे वार्ड में लोगों को राहत मिल सके. उन्होंने कहा कि जिस विश्वास के साथ वार्ड की जनता ने मुझे जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता है.
