पुरुषोत्तम साहू कहते हैं मैंने खरीदी थी बड़ा लाल कंदर्पनाथ शाहदेव से यह जमीन,खतियानी रैयत के नाम पर है विवाद, खाता 178 अब ऑनलाइन दिखता है 263
-बकास्त भूंईहरी जमीन खेवट-18/4 का खाता 485 में कैसे बदल गया?
-खाता नंबर 178 की जमीन खाता 263 में कैसे हुआ जनरेट? इस पर है असमंजस
L19/DESK : राजधानी रांची के पुनदाग मौजा में रॉयल पाम नामक अपार्टमेंट का निर्माण हो रहा है। इसका नक्शा आरआरडीए की तरफ से पास किया गया है। लोकतंत्र 19 ने इस संबंध में दो दिन पहले एक खबर दिखायी थी। इसके बाद इस जमीन के कई दावेदार सामने आ गये हैं। पुनदाग के रहनेवाले पुरुषोत्तम साहू कहते हैं कि यह जमीन उन्होंने बड़ा लाल कंदर्पनाथ शाहदेव से खरीदी थी। पुनदाग मौजा के खेवट 2 के 2060 एकड़ जमीन पर जमींदारी के समय बड़ा लाल कंदर्पनाथ शाहदेव का नाम दर्ज है। इसके बाद पुरुषोत्तम साहू ने खाता संख्या 178 की जमीन खरीदी और इसका म्यूटेशन उत्तराधिकारी वाद संख्या 40 R27-2015-16 को शिविर के जरिये कराया। पर दाखिल खारिज होने के बाद आश्चर्यजनक तरीके से खाता संख्या 178 बदल कर 263 हो गया।
खाता संख्या 263 में प्लाट संख्या 60, 83 और 58 चढ़ा कर लगान रसीद काट दी गयी। नगड़ी अंचल के तत्कालीन अंचल अधिकारी ने खाता संख्या 178 और 174 का करेक्शन स्लिप जनरेट करते हुए यह लिखा कि पंजी-2 के रैयत किशुन तेली ऊर्फ रुंगटू तेली के उत्तराधिकारी के रूप में पुरुषोत्तम कुमार का नाम चढ़ाया गया। इसमें खाता संख्या 178 में प्लाट 60, 83 चढ़ाया गया।
एक मालिक हैं बंधना तेली वल्द लगन तेली
जिस खाता 178 के प्लाट को चेंज कर दिया गया। उस खाता 178 के एक खतियानी मालिक बंधना तेली वल्द लगन तेली भी हैं। खाता 178 में खतियान के मुताबिक प्लाट संख्या 1412, 1522, 1526, 2266, 2662, 1545, 226, 228, 629, 335, 334, जैसे प्लाट हैं। इसमें प्लाट 60, 83 और 58 का जिक्र ही नहीं है। यह खतियान भी फाड़ दिया गया है।
खाता 263 के खतियानधारी हैं मेघुआ तेली व अन्य
अब खाता 178, जो बदल कर 263 कतिपय कारणों से कर दिया। इसकी भी पड़ताल करने पर पता चला कि इस खाता के खतियानधारी मेघुआ तेली वल्द भईराम तेली और अन्य हैं। इसमें ऑफलाइन में प्लाट 60, 83 और 58 तो चढ़ा दिया गया, पर अंचल कार्यालय में इस खतियान को फाड़ दिया गया, ताकि सबूत ही नहीं रहे। खाता 263 में प्लाट संख्या 1674, 1676, 1666, 1648 है।
बकास्त भूंईहरी जमीन का भी हमारे पास प्रमाण
लोकतंत्र 19 ने दावे के साथ यह कहा था बकास्त भूंईहरी जमीन में बन रहा है रॉयल पाम अपार्टमेंट। इसका सबूत भी है हमारे पास। सबूत के अनुसार खाता संख्या485 के रैयती मालिक भोदलो मुंडा हैं। इसमें ही प्लाट 83 का जिक्र है, जो बैंगनी टांड़ है। प्लाट संख्या 60 भी है, जो बैंगनी टांड़ है। भोदलो मुंडा के परिवार वालों में स्वर्गीय दुमना मुंडा और स्वर्गीय लच्छु मुंडा हैं। इनमें से दुमना मुंडा के बेटों में भोजा मुंडा, राम मुंडा, लक्ष्मण मुंडा, शत्रुध्न मुंडा और प्रभु मुंडा शामिल हैं। उधर स्वर्गीय लच्छु मुंडा के परिवारवालों में भगत मुंडा और राजकिशोर मुंडा शामिल हैं।