BOKARO : बोकारो में अपराधियों के हौंसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. शनिवार को जहां गोमिया क्षेत्र के जंगलों में झामुमो नेता राकेश महतो की नृशंस हत्या कर दी थी वहीं रविवार की शाम बोकारो रेलवे स्टेशन के ऑटो स्टैंड में सचिन यादव नामक एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कथित आरोपी भोला ने कुर्मीडीह निवासी सचिन यादव के सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया.
इसे भी पढ़ें : RIMS अतिक्रमण : तीन आरोपी, डीसी ने भेजी ACB को रिपोर्ट, इन लोगों ने किया गलत म्यूटेशन और टूटा मासूमों का घर…

स्थानीय लोगों के अनुसार सचिन और भोला में किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई थी. उसी रंजिश में भोला ने देसी कट्टे से गोली मार कर सचिन की जान ले ली. सचिन यादव को दो गोली मारी गई है. आशंका जताई जा रही है कि 1 सप्ताह पहले हुए आपसी झगड़े के कारण भोला ने सचिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके उसकी हत्या कर दी. गौरतलब है कि आरोपी पर पहले भी एक मामले में जेल जा चुका है.
सूचना मिलते ही बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह और जीआरपी थाना प्रभारी शंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायल को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजनों द्वारा अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई. हालात को संभालने के लिए सिटी डीएसपी आलोक रंजन, सेक्टर-4 इंस्पेक्टर संजय कुमार, बीएस सिटी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास और सेक्टर-6 इंस्पेक्टर संगीता कुमारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
इसे भी पढ़ें : सियासी गलियारे में ‘हाथी’ पर घमासान: मंत्री योगेंद्र प्रसाद के बयान पर भड़के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो
पुलिस जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और पूर्व में भी एक मामले में जेल जा चुका है. जीआरपी थाना प्रभारी शंकर कुमार ने पूरे मामले पर कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
