RANCHI : ट्रैफिक नियमों को निष्पक्षता से लागू करने में ट्रैफिक कैमरे बड़ी भूमिका निभाते हैं. इन कैमरों की निगाहों से कोई बच नहीं पाता है. चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों ना हो. इधर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन और उधर ऑनलाइन चालान सीधा आपके मोबाइल में.
इसे भी पढ़ें : झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की 36वीं बैठक में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 23 कैदियों की रिहाई पर सहमति
जानकारी के अनुसार भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पद्मभूषण महेंद्र सिंह धोनी को भी यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान किया गया है. निर्धारित गति से अधिक की स्पीड पर ये जुर्माना किया गया है. निर्धारित गति सीमा 60 किमी/घंटा के बजाय कार 90 किमी/घंटा की स्पीड में थी. ओवरस्पीड के कारण ट्रैफिक कैमरों ने उनकी कार को डिटेक्ट किया. जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी कार पर चालान किया गया.
सभी नागरिक एक समान
ई-चालान सिस्टम के तहत तय गति सीमा से अधिक की स्पीड पर ₹1000 का जुर्माना किया गया. बताया जा रहा कि जिस गाड़ी पर यह जुर्माना लगाया गया वह काले रंग की मर्सिडीज है. इस पर यातयात विभाग का कहना है कि यातायात के नियम सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होते हैं.
पिछले दिनों उन्हें दिया गया था नोटिस
इससे पहले भी धोनी को हरमू स्थित आवासीय प्लॉट के व्यावसायिक उपयोग पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. झारखंड राज्य हाउसिंग बोर्ड ने 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है. बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार धोनी को वह भूखंड आवासीय उपयोग के लिए दिया था. खबरों के मुताबिक व्यावसायिक उपयोग पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है.
