RANCHI : मौसम विज्ञान विभाग ने अक्टूबर के पहले हफ्ते के लिए पूर्वी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, 4 अक्टूबर को ओडिशा के आंतरिक भागों पर बने दबाव का असर पूरे पूर्वी भारत पर दिखेगा, जिससे झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बंगाल के कई हिस्सों में जोरदार बारिश होगी।
झारखंड में ऑरेंज अलर्ट
राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों – पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार और हजारीबाग – में अगले 24 घंटों के भीतर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रांची, रामगढ़, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और देवघर में भी तेज बारिश का अनुमान है। विभाग का कहना है कि 5 अक्टूबर के बाद मौसम सामान्य होने लगेगा।
बिहार में रेड अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि बिहार में 5 अक्टूबर तक लगातार बारिश होगी। कई जिलों में बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मधुबनी, दरभंगा और वैशाली जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी प्रभाव
- अरुणाचल प्रदेश: 4, 7 से 9 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना।
- असम और मेघालय: 4-5 और 7-9 अक्टूबर को जोरदार बारिश।
- नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: 4, 8 और 9 अक्टूबर को हल्की से मध्यम वर्षा, कुछ स्थानों पर भारी बारिश।
दक्षिण भारत का हाल
- तमिलनाडु: 4 और 5 अक्टूबर को कई जगहों पर भारी बारिश के साथ तूफान की आशंका।
- आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा: अगले पांच दिनों तक तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 30-40 किमी/घंटा तक रह सकती है।
- महाराष्ट्र: मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 4 अक्टूबर को कई इलाकों में गरज-चमक और बारिश।
उत्तर भारत पर असर
- जम्मू–कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश: 5 से 7 अक्टूबर तक भारी बारिश।
- उत्तराखंड: 6-7 अक्टूबर को तेज बारिश।
- पंजाब: 5-6 अक्टूबर के बीच असर।
- दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 6-7 अक्टूबर को बारिश और आंधी।
- पूर्वी राजस्थान: 6 अक्टूबर को तेज बारिश।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। ग्रामीण इलाकों में किसानों और मछुआरों को विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है।