L19 Desk : रामगढ़ से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आयी है। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में महाकुंभ के श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जहां हादसे में 10 श्रद्धालु घायल हो गये, जबकि 4 लोगों की हालत नाज़ुक बतायी जा रही है। सभी घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना आज रविवार 23 फरवरी की है, रांची के रास्ते रामगढ़ की ओर जाने वाली एक ट्रेलर चुटूपालू घाटी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर रेलिंग को तोड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गयी। नतीजतन रेलिंग सड़कों के बीचों बीच बिखर गयी। इसकी चपेट में महाकुंभ श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन आ गयी, और दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। वैन सड़क के बीचोंबीच पलट गयी। पिकअप वैन प्रयागराज में लगे महाकुंभ जा रही थी। इसी बीच ये भीषण हादसा हो गया।
घटना के बाद चुटूपालू घाटी क्षेत्र में अफरा तफरी मच गयी। रांची-पटना मुख्य मार्ग एनएच 33 का एक लेन पूरी तरह जाम हो गया। फिलहाल सड़क को वन-वे कर दिया गया है। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, और पिकअप वैन में सवार श्रद्धालुओं को निकालकर इलाज के लिये सदर अस्पताल भिजवाया। घायलों के प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।