L19/DESK : गैंगस्टर प्रिंस खान के खातों में पैसे भेजने वाले खाताधारकों को पुलिस ने ढूंढ़ निकाला है। अब इनकी लिस्ट तैयार कर पुलिस एक एक कर के सभी को नोटिस भेज रही है। नोटिस मिलने पर अकाउंट होल्डरों को गोविंदपर थाना आने को कहा गया है, जहां उन्हें मामले की जानकारी देनी होगी। जानकारी न देने वालों के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई की जायेगी।
बता दें, गाजियाबाद के रहने वाले वीर सिंह की धरपकड़ के बाद पुलिस को कई ऐसे बैंक खातों की सूचना मिली, जिनसे गैंगस्टर को पैसे भेजे गये। वीर सिंह ने करीब 12, 13 लोगों के खातों का ब्योरा पुलिस को दिया है। इन्हीं खाताधारकों को सबसे पहले नोटिस भेजा जा रहा है।
इसे लेकर कहा जा रहा है कि वीर सिंह ने अपने रिश्तेदार, दोस्त समेत कई लोगों के खाते खुलवाये और उन सभी खातों में रंगदारी का पैसा डाला। सभी अकाउंट से अंतर्राष्ट्रीय एटीएम लिया गया और उस एटीएम के जरिये दुबई के शारजाह में बैठे प्रिंस खान तक पैसे पहुंचाये गये। प्रिंस खान से मिलने के लिए वीर सिंह खुद दो बार शारजाह गया था। वहां उसने प्रिंस को 20 एटीएम कार्ड भी पहुंचाया था। अभी उसका भतीजा दुबई में है। उसे पता चल गया है कि वीर सिंह गिरफ्तार हो चुका है। जांच के दौरान पुलिस को इस बात की पुष्टि मिली कि 30 से 35 लाख रुपये 40 खातों से प्रिंस खान तक पहुंचाये गये।
प्रिंस के लिए काम करने वाला गाजियाबाद निवासी प्रमोद कुमार उर्फ पवन को भी गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने पूरी फिल्डिंग सजा रखी है। दोनों टूरिस्ट वीजा पर विदेश गये हुए हैं। वहां से उन्हें किसी भी हालत में भारत आना होगा। आते ही उनकी गिरफ्तारी होगी।