L19 DESK : मोदी सरकार के 9 साल पूरे करने पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने राज्यव्यापी कार्यक्रमों की योजना तैयार की हैं। रांची के सरला बिरला स्कूल में आयोजित एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने की।
प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर राज्य में कार्यक्रमों की श्रृंखला खड़ी की जायेगी। 30 मई को मोदी सरकार के कार्यकाल का 9 साल पूरा हो रहा है। इसको लेकर भाजपा 30 मई से 30 जून तक राज्य में कार्यक्रम आयोजित कर जनता के बीच पहुंचेगी। कार्यक्रमों को बूथ स्तर पर सफल बनाने के लिए जल्द ही जिला और मंडल कार्यसमिति की बैठक की जाएगी।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों को प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेई, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने संबोधित किया।