L19 Ranchi : आदिवासी सेंगेल अभियान द्वारा आहूत सरना धर्म कोड जनसभा, 8 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में दिन के 12:00 बजे से 4:00 बजे तक चलेगा। जिसमें देश विदेश से लाखों प्रकृति पूजक आदिवासी जमा होकर अपनी धार्मिक आजादी के संघर्ष को मंज़िल तक पहुंचाने का शंखनाद करेंगे। जनसभा की तैयारी पूरी हो चुकी है। असम और अरुणाचल जैसे सुदूर प्रान्तों से कार्यकर्ता रांची के लिए 5.11.23 की शाम कूच कर चुके हैं। कल 5.11.23 को तपकरा खूंटी जिला में आयोजित सरना धर्म सोतो: समिति के वार्षिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। जहां हजारों कार्यकर्ताओं ने 8 नवंबर की रांची रैली में योगदान करने का फैसला लिया है।
सेंगेल ने 8 नवंबर की रैली में डॉक्टर करमा उरांव, वीरेंद्र भगत और प्रवीण उरांव को सम्मानित करने का फैसला लिया है। ताकि सरना धर्म कोड के संघर्ष को आगे बढ़ाने में करमा उरांव, वीरेंद्र भगत और प्रवीण उरांव के बहुमूल्य योगदान से प्रेरणा लेकर सरना धर्म कोड आंदोलन को पूरा किया जा सके। इसी के साथ संताली भाषा आंदोलन के महान योद्धा स्वर्गीय साहेब राम मुर्मू के परिवार को भी उनके योगदान के लिए 8 नवंबर को सम्मानित किया जाएगा।
साहेब राम का देहांत 4.11.23 को हुआ है। करमा उरांव को उनके आवास में मिलकर आमंत्रित किया गया। सरना धर्म कोड के लिए संघर्षरत सभी नेता, संगठन, कार्यकर्ता, जनता और समर्थक सादर आमंत्रित हैं। 8 नवंबर 2023 का सरना जनसभा ऐतिहासिक होगा। रांची से निर्णायक जनआंदोलन का आगाज होगा। यह भारत के 15 करोड़ आदिवासियों के सामाजिक,धार्मिक और राजनीतिक गुलामी से आजादी के रोडमैप को प्रस्तुत करेगा।