

L19/Bokaro : जिले के कसमार थाना क्षेत्र खैराचातर गांव में गैस स्टोव में भोजन बनाने के दौरान गैस से प्रियंका देवी (32) की झुलस कर मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह की बताया जा रहा है। घटना के समय घर में मृतका की तीन बेटी और दो माह पुत्र था। प्रियंका का पति विकास यादव खैराचातर बाजार में अपनी खैनी की दुकान पर था। जब घटना की जानकारी मिलते ही वह घर आया, तब तक पत्नी की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि महिला गैस स्टोव पर भोजन बना रही थी, उसी दौरान वह आग की चपेट में आ गई, मां को जलते देख बच्चे चिल्लाने लगी। इस चीख की आवाज पर पड़ोसी दौड़कर पहुंचे तो देखा कि महिला जल चुकी थी। पड़ोसियों ने उसके पति को दुकान में जाकर सूचना दी।
इस घटना की जानकारी मिलते ही कसमार थाना की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया। खैराचातर के ग्रामीणों ने बताया कि प्रियंका का पति काफी दिनों से खैराचातर में रहकर खैनी का कारोबार करता है। वह हाल में घर बनाकर यही रह रहा था, जबकि वह समस्तीपुर जिले का रहने वाला है। घटना की खबर मिलते ही बोकारो शहर में रहने वाले उसके काफी रिश्तेदार भी पहुचे थे। रिश्तेदारों ने बताया कि दो माह पूर्व मृतका प्रियंका ने बेटे को जन्म दिया था। इससे परिवार में काफी खुशी थी। काफी धूमधाम से छठीयारी का आयोजन किया गया था। सुबह में प्रियंका की मौत की सूचना से क्षेत्र में मातम सा छा गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद गांव लेकर चले जाएंगे।

 
		 
		 
		 
		