RANCHI : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत कोसुम्भा गांव में हुई हृदयविदारक घटना को लेकर अब तक जो तथ्य सामने आ रहे थे, उनमें एक बड़ा मोड़ आता दिख रहा है. अब तक इस मामले में जो विमर्श बना हुआ था, नवीनतम जानकारी के अनुसार वास्तविक कहानी उससे काफी भिन्न हो सकती है.
जांच बढ़ते ही सामने आ रहे नए और उलझे हुए पहलू
अब तक पीड़िता की मां के बयान के आधार पर यह माना जा रहा था कि 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ, उसकी आंखें निकाल ली गईं और जीभ काटकर उसकी नृशंस हत्या कर दी गई. मंगला जुलूस के दिन हुई इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था. लेकिन जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ रहा है, मामला और भी पेचीदा होता जा रहा है.
अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में अब तक करीब 18 लोगों को हिरासत में लिया है. बड़ी खबर यह भी है कि जिस व्यक्ति को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है. चर्चा है कि मुख्य आरोपी एक बड़ी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा नेता है. हालांकि, आधिकारिक पुष्टि के लिए अभी पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, दुष्कर्म की पुष्टि नहीं
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस और कोर्ट को सौंप दी गई है. रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है. इसके साथ ही उन अफवाहों पर भी विराम लग गया है, जिनमें दुष्कर्म, जीभ काटने और दांत तोड़ने जैसी बातें कही जा रही थीं. रिपोर्ट आने के बाद कई तथ्य स्पष्ट हो गए हैं और पहले फैल रही कई बातें निराधार साबित होती नजर आ रही हैं. पोस्टमार्टम के अनुसार, बच्ची की मौत का कारण मुंह और नाक दबाए जाने से सांस रुकना बताया गया है.
हत्या के बाद सबूत मिटाने और केस भटकाने की साजिश का शक
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में शामिल महिला और उसके कथित प्रेमी ने घटना के बाद केस को भटकाने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि शव को ऐसी जगह रखा गया, जहां वह आसानी से लोगों की नजर में आ सके. पुलिस सूत्रों का कहना है कि बच्ची की मौत के बाद उसके चेहरे को पत्थर से कुचला गया. साथ ही, मामले को दुष्कर्म का रूप देने के लिए गुप्तांग में बांस डाले जाने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होने की बात कही जा रही है.
इसे भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में बोकारो का दमदार प्रदर्शन, नेहा खलको और शिव कुमार सोरेन ने जीते स्वर्ण
रिपोर्ट में यह भी संकेत मिला है कि हत्या उस स्थान पर नहीं हुई, जहां से शव बरामद हुआ. आशंका है कि वारदात कहीं और अंजाम दी गई और बाद में शव को सड़क किनारे लाकर रख दिया गया. हजारीबाग के एसपी ने मामले को संवेदनशील बताते हुए कहा है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. उन्होंने अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि सभी तथ्यों और घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा जल्द किया जाएगा.
बुधवार को भी पुलिस ने बच्ची की करीबी महिला रिश्तेदार और उसके कथित प्रेमी से पूछताछ जारी रखी. पुलिस अब पूछताछ के आधार पर परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है और दोनों के बयानों का क्रॉस-एग्जामिनेशन किया जा रहा है.
