Vijay Thakur
GODDA : महगामा विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के संज्ञान में आने के बाद हनवारा–चखमजा मुख्य सड़क पर स्थित स्टेट बैंक के समीप लंबे समय से जाम पड़े नाले की आखिरकार सफाई करा दी गई. मंत्री के निर्देश पर शुक्रवार को जेसीबी मशीन लगाकर नाले की सफाई की गई.
इसे भी पढ़ें : झारखंड पुलिस को 12 नए थाने सहित 636 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहनों की मिली सौगात
बताया जाता है कि स्टेट बैंक हनवारा के सामने नाला लंबे समय से कचरा और गंदगी से जाम पड़ा था, जिसके कारण मुख्य सड़क पर घुटने भर गंदा पानी जमा हो रहा था. इससे आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. विशेष रूप से रमजान के महीने में नमाज के लिए आने-जाने वाले नमाजियों को भी दिक्कत हो रही थी.
स्थानीय लोगों और दुकानदारों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बाद जब यह मामला सामने आया, तो मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नाले की सफाई का निर्देश दिया. इसके बाद थाना प्रभारी ध्रुव कुमार की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से नाले में जमा कचरा और मिट्टी को हटाया गया, जिससे नाले का पानी फिर से सुचारु रूप से बहने लगा. नाले की सफाई होने के बाद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली. लोगों ने समय रहते कार्रवाई के लिए महगामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह का आभार जताया और नालों की नियमित सफाई कराने की मांग भी की, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो.
इसे भी पढ़ें : रांची में घरेलू गैस की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर उपायुक्त की गैस आपूर्तिकर्ताओं के साथ बैठक
