L19/Sahibganj : साहिबगंज मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गांव में गुरुवार की शाम एक नाबालिग के साथ दो किशोरों ने ट्रक के केबिन में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के द्वारा दोनों आरोपी किशोरों को पकड़कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। इस घटना को लेकर पीड़ित ने अपने परिजनों के साथ मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार किशोरी अपने घर के बाहर टहल रही थी। उसी वक्त दो किशोर वहां आये और मुंह दबा कर उसे अपने साथ ले गये। रास्ते में खड़े ट्रक के केबिन में किशोरी को ले जाकर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरों ने घर में कुछ न बताने की धमकी देते हुए उसे छोड़ दिया। किशोरी ने घर जाकर परिजनों को इस घटना के बारे में सारी बात बतायी। जिसके बाद परिजन शुक्रवार की सुबह मुफस्सिल थाने पहुंचे और दोनों किशोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में दो किशोरों के खिलाफ आवेदन मिला है। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ के बाद दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।