BOKARO : बोकारो में सोमवार हादसों का दिन रहा. यहां सुबह-सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. जबकि एक घायल है. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया गया है.
इसे भी पढ़ें : चुनाव आयोग ने किया प. बंगाल में चुनाव का ऐलान, असम, केरल और पुडुचेरी में 9 को और तमिलनाडु में 23 को मतदान

पहली घटना बोकारो-धनबाद मार्ग स्थित तेलमोच्चो पुल के पास घाटी. यहां एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ट्रक और हुंडई क्रेटा कार की सीधी टक्कर हो गई. इस भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है जबकि घायल व्यक्ति की पहचान अजय कुमार तिवारी के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक कार संख्या- JH 09V – 0410 धनबाद से बोकारो की ओर आ रही थी. तेलमोच्चो पुल पर कार की सीधी टक्कर ट्रक से हो गई. घायल को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.

जबकि दूसरी घटना उकरीद मोड़ के पास की है. जहां एक महिला मॉर्निंग वॉक पर निकली थी. इस दौरान वह किसी वाहन के चपेट में आ गई. जानकारी के मुताबिक एलएच मोड़ की रहने वाली 48 वर्षीय शीला देवी सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकलीं थी. इसी दौरान वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
